-लोकभवन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के 665 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित
- सीएम योगी ने की अफवाहबाजों से सावधान रहने की अपील, दुष्प्रचार से माहौल बिगाड़ने की कोशिश, सतर्क रहने की जरूरत
- वर्ष 2017 के पहले प्रदेश और देश में क्राइम कैपिटल के रूप में जाना जाने वाला नोएडा आज दुनिया का इन्वेस्टमेंट का बेस्ट डेस्टिनेशन
- अफवाहबाज देश का नुकसान कर रहे, जनता के कार्य में किसी प्रकार की रुकावट नहीं, सब कुछ सहजता से चल रहा- सीएम
- बोले, मेरे कपड़े को देख लोग मानते होंगे कि अंधविश्वास को मानता हूंगा, मैं आस्था में विश्वास करता हूं, अंधविश्वास को कतई नहीं मानता
- जो मुख्यमंत्री रहते नोएडा नहीं गए, आज अपनी विभाजनकारी राजनीति के लिए पहुंच गए – सीएम
Jagrat Times, लखनऊ/ पिछले नौ वर्षों में नौ लाख मैनपावर सरकारी सेवाओं में जुड़ी है। ये सभी प्रतिभाशाली और युवा ऊर्जा से भरपूर हैं। इसी का नतीजा है कि जो राज्य पहले बीमारू था, वह आज भारत की इकोनॉमी का ग्रोथ इंजन बन गया है। पहले वेतन देने के लिए पैसे नहीं होते थे, आज यूपी रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। आज यूपी देश की टॉप थ्री अर्थव्यवस्था में एक है। वर्ष 2016 की तुलना में आज प्रति व्यक्ति आय तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोकभवन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 665 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में कही। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने 20 नवचयनित नर्सिंग ऑफिसर को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इससे पहले नवचयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किये।
पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा को क्राइम कैपिटल के रूप में जाना जाता था, आज दुनिया भर में इन्वेस्टमेंट के बेस्ट डेस्टिनेशन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रतिभा जब भी सम्मानित होगी और उसे प्लेटफार्म मिलेगा, उसका लाभ देश और राज्य को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए एक-एक स्टेजेस पर शासन द्वारा निगरानी की जाती है। हमारी तीसरी आंख उन सबको वॉच करती है, जो भर्ती प्रक्रिया में सेंध लगाने के लिए सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे लोगों को हम पहले ही खींच कर बाहर निकाल लाते हैं और उनका कैसे इलाज किया जाता है, यह किसी से छिपा नहीं है। इसी का परिणाम है कि प्रत्येक सेक्टर में यूपी ने विकास किया है। यूपी के नौजवानों के सामने जो पहचान का संकट था, उस पहचान के संकट से वह मुक्त हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट का लोकार्पण किया। इसे प्रदेश सरकार ने बनाया, जिस प्रदेश की आबादी सबसे बड़ी है, हम कार्य भी सबसे बड़ा करेंगे। इसे हम लोगों ने जेवर में करके दिखाया है। इससे 1 लाख नौजवानों को सीधे-सीधे नौकरी मिलेगी। वर्ष 2017 के पहले यह क्षेत्र प्रदेश के साथ देश के क्राइम कैपिटल के रूप में जाना जाता था। शाम को 5 बजे के बाद गतिविधियां शून्य हो जाती थीं। प्रातः 10 बजे के पहले तक कर्फ्यू जैसा माहौल रहता था। आज यह डबल इंजन सरकार की स्पीड और दृढ़ इच्छाशक्ति है कि केवल प्रदेश नहीं बल्कि देश और दुनिया का इन्वेस्टमेंट का बेस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभर कर सामने आया है।
कुछ लोग अफवाहें और दुष्प्रचार कर माहौल खराब करना चाहते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और दुनिया का हर बड़ा संस्थान ग्रेटर नोएडा आना चाहता है। आज वहां मेडिकल डिवाइस पार्क, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटीज, टॉय पार्क और अपैरल पार्क बन रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में सेमीकंडक्टर की सबसे बड़ी यूनिट का शिलान्यास किया। इस युग में सेमीकंडक्टर के बगैर पूरी दुनिया एकदम लाचार है, जैसे एक समय तेल के बगैर दुनिया लाचार हो जाती थी, ऐसे ही सेमीकंडक्टर के बगैर दुनिया लाचार हो जाती है, वह अब यूपी के अंदर बनेगा। इसे वर्ष 2017 के पहले सोचा नहीं जा सकता था क्योंकि उस दौरान इच्छाशक्ति और नीयत साफ नहीं थी। वे लोग पहले भी कुछ नहीं करना चाहते थे, आज भी करने की इच्छाशक्ति नहीं है, जो कार्य हो रहा है उस कार्य को डिस्टर्ब कर रहे हैं। इतना ही नहीं, दुष्प्रचार और अफवाह फैला करके माहौल को खराब करने का काम कर रहे हैं। दुनिया संकट में है और उथल-पुथल चल रही है। तमाम देशों में इमरजेंसी लागू हो गई है।