यूपीसीडा की स्क्रूटिनी समिति ने दी परियोजना को स्वीकृति
मैसर्स पुलस्त्य इंडस्ट्रियल पार्क लिमिटेड करेगा निवेश
पार्क में होंगे 21 औद्योगिक भूखण्ड, 700 लोगों को मिलेगा रोज़गार
पार्क में मिलेगी जल, विद्युत, सड़क और हरित क्षेत्र जैसी सुविधाएं
उत्तराखंड-हिमाचल के निवेशकों ने भी दिखाई रुचि
औद्योगिक नीति-2022 के तहत निजी क्षेत्र को मिल रहा बढ़ावा
यूपी को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में बड़ा कदम
Jagrat Times/ लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति-2022 के तहत निजी क्षेत्र की भागीदारी से आधुनिक औद्योगिक पार्कों की स्थापना को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में 02 जून, 2025 को यूपीसीडा के सीईओ की अध्यक्षता में हुई स्क्रूटिनी समिति की बैठक में सहारनपुर में निजी औद्योगिक पार्क के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
70 करोड़ के निवेश से बनेगा आधुनिक औद्योगिक पार्क
मैसर्स पुलस्त्य इंडस्ट्रियल पार्क लिमिटेड द्वारा सहारनपुर में प्रस्तावित निजी औद्योगिक पार्क के लिए ₹70 करोड़ का निवेश स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना में आंतरिक सड़कें, जल आपूर्ति व निकासी व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, औद्योगिक भवनों की संरचना, हरित क्षेत्र का विकास जैसी आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं का समावेश होगा, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
700 लोगों को मिलेगा रोजगार
इस औद्योगिक पार्क के पूर्ण होने पर 21 औद्योगिक भूखण्डों का सृजन होगा, जहाँ विभिन्न प्रकार की औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित की जाएँगी। इससे लगभग 700 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।
पड़ोसी राज्यों के निवेशकों की बढ़ी रुचि
इस परियोजना ने न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों के निवेशकों का भी ध्यान आकर्षित किया है। निवेशक इस औद्योगिक पार्क में इकाइयाँ स्थापित करने के लिए उत्साहित हैं, जो उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित कर रहा है।
यूपीसीडा की प्रतिबद्धता
यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने कहा, “औद्योगिक नीति-2022 के तहत निजी क्षेत्र की भागीदारी से औद्योगिक विकास को नई दिशा मिल रही है। यह परियोजना सहारनपुर के स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देगी और पड़ोसी राज्यों के लिए भी उत्तर प्रदेश को निवेश का आकर्षक केंद्र बनाएगी। यूपीसीडा पारदर्शी और रोजगारोन्मुख वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है।”