स्वर्णिम छटा संग तनु शुक्ला ने बैंकॉक में लहराया तिरंगा
- June 24, 2026
- 0
-प्रतिष्ठित आयरन वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कानपुर की स्टार पावर लिफ्टर ने तीन स्वर्ण पदक जीत बढ़ाया शहर का गौरव -थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 12 से 14
-प्रतिष्ठित आयरन वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कानपुर की स्टार पावर लिफ्टर ने तीन स्वर्ण पदक जीत बढ़ाया शहर का गौरव
-थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 12 से 14 जून तक आयोजित हुई चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन से घर परिवार और कोच की बढ़ाई शान
Jagrat Times, कानपुर : कानपुर शहर की उभरती हुई पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी तनु शुक्ला ने बैंकॉक, थाईलैंड में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित आयरन वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में अपने वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, थाईलैंड, फिलीपींस, मैक्सिको, मालदीव, सिंगापुर, कज़ाखस्तान, वियतनाम सहित 12 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। दुनिया के बेहतरीन पावरलिफ्टर्स के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए तनु शुक्ला ने असाधारण प्रदर्शन किया और भारत के लिए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

दृढ़ संकल्प और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया
पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए तनु शुक्ला ने गर्व के साथ भारतीय तिरंगा लहराया तथा विश्व समुदाय के सामने भारतीय खिलाड़ियों की शक्ति, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर तनु शुक्ला ने अपने सभी समर्थकों, प्रायोजकों, मित्रों, परिवारजनों और शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन से यह सफलता संभव हो सकी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय श्री महाबली हनुमान जी के आशीर्वाद को भी दिया। खेल उपलब्धियों के साथ-साथ तनु शुक्ला एक योग्य कोच, फिटनेस ट्रेनर, न्यूट्रिशन एक्सपर्ट और योग प्रशिक्षक भी हैं। वे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए पेशेवर मार्गदर्शन एवं विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।

अपने प्रदर्शन से युवाओं को दिया संदेश
युवाओं के नाम अपने संदेश में तनु शुक्ला ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर खेल, जिम, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, “खेल केवल शरीर को ही मजबूत नहीं बनाते, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और विजेता सोच भी विकसित करते हैं। मैं सभी युवाओं से आग्रह करती हूँ कि वे खेलों और फिटनेस गतिविधियों में भाग लें तथा एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।” तनु शुक्ला की यह शानदार उपलब्धि देशभर के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है और यह सिद्ध करती है कि कड़ी मेहनत, समर्पण, अनुशासन और ईश्वर में आस्था के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।