State

लखनऊ में आर्थिक रूप से कमजोर 341 जोड़ों का एक साथ विवाह और निकाह

  • December 16, 2025
  • 0

चांदी की पायल, बिछिया, डिनर सेट सहित विवाह के समान उपहार में दिए गए, उपहार सामग्री पाकर खिले वर वधू के चेहरे विवाह तोड़ने पर आरोपियों पर होगी

लखनऊ में आर्थिक रूप से कमजोर 341 जोड़ों का एक साथ विवाह और निकाह

चांदी की पायल, बिछिया, डिनर सेट सहित विवाह के समान उपहार में दिए गए, उपहार सामग्री पाकर खिले वर वधू के चेहरे

विवाह तोड़ने पर आरोपियों पर होगी गंभीर कार्रवाई- समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड

Jagrat Times, लखनऊ/ योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रभाव आज लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जहां समाज कल्याण विभाग द्वारा 341 जोड़ों का विवाह और निकाह एक ही मंच पर संपन्न कराया गया। इस विवाह समारोह में शामिल आर्थिक रुप से कमजोर कन्याओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री की वजह से ही उनका विवाह हो संपन्न हो पाया है। मुस्लिम जोड़ों ने भी बीजेपी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिना भेदभाव के सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न
इस सामूहिक विवाह में लखनऊ जिले के विकास खंड बक्शी का तालाब, माल, काकोरी, गोसाईगंज, चिनहट और सरोजनी नगर के साथ नगर निगम और नगर पंचायत क्षेत्रों के जोड़े शामिल हुए। कुल 341 जोड़ों में से 336 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से पुरोहितों द्वारा संपन्न कराया गया, जबकि 5 अल्पसंख्यक वर्ग के जोड़ों का निकाह मौलवी की उपस्थिति में कराया गया। यह आयोजन सामाजिक समरसता और समानता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। इस विवाह समारोह ने देशभर में सर्वधर्म समभाव की मिसाल पेश की है। अल्पसंख्यक समुदाय की कन्या शदब कुरैशी ने निकाह में मदद के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की।

गरीब कन्याओं ने की योजना की तारीफ
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब कन्याओं के लिए वरदान साबित हो रहा है। अनुसूचित जाति की बेटी लक्ष्मी ने कहा कि उनका विवाह आर्थिक तंगी की वजह से नहीं हो पा रहा था लेकिन इस योजना की वजह से आज उनके हाथ पीले हो सके हैं। काकोरी से आई रानी ने बताया कि ये योजना आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों के लिए आशीर्वाद की तरह है। विवाह के समय वर-वधू को उपहार और विवाह का खर्चा मिलता है। इंटौजा की सलोनी ने भी मुख्यमंत्री विवाह योजना के लिए सरकार की प्रशंसा की।

विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता का संदेश
समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह योजना केवल विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्थायी और सम्मानजनक दांपत्य जीवन सुनिश्चित करना है। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति सरकारी सहायता का दुरुपयोग कर विवाह तोड़ने जैसी हरकत करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को जमीन पर उतारने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

विवाह के लिए 1 लाख रुपये की मदद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कन्या के खाते में 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे दी जा रही है, जबकि विवाह के समय 25 हजार रुपये मूल्य की गुणवत्तापूर्ण उपहार सामग्री प्रदान की जाती है। इसमें चांदी की पायल और बिछिया, डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, बर्तन, ट्राली बैग और बेडिंग सामग्री शामिल रही। मलिहाबाद की विधायक जयदेवी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर गरीब और वंचित परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह न केवल एक सामाजिक आयोजन रहा, बल्कि योगी सरकार की उस सोच का सशक्त प्रमाण बना, जिसमें गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मान, सुरक्षा और सशक्त भविष्य देने का संकल्प साफ तौर पर नजर आया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विवाह संपन्न
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और गरिमामय बना दिया। राधा-कृष्ण आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने वर-वधू और उनके परिजनों का मन मोह लिया और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक मंच से दिखाई दी। विवाह और निकाह की समस्त व्यवस्थाएं एक ही परिसर में की गईं, जिससे परिवारों को सुविधा और सम्मान दोनों मिला। मोहान रोड स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय परिसर में मंत्रोच्चार, विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के बीच हुए इस भव्य आयोजन ने सामाजिक समरसता और सरकारी संवेदनशीलता का मजबूत संदेश दिया। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड के साथ मलिहाबाद की विधायक जयदेवी, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, उप निदेशक समाज कल्याण के एल गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और खंड विकास अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *