डिजिटल और वित्तीय रूप से सशक्त होंगी बेटियां, योगी सरकार बनाएगी आत्मनिर्भर
- May 16, 2025
- 0
Jagrat Times, लखनऊ । योगी सरकार ने एक बार फिर बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के
Jagrat Times, लखनऊ । योगी सरकार ने एक बार फिर बालिकाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की 80 हजार छात्राओं को अब वित्तीय साक्षरता और डिजिटल कुशलता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण यूनिसेफ के सहयोग से ऑनलाइन ‘पासपोर्ट टू अर्निंग (P2E)’ प्लेटफॉर्म पर निःशुल्क उपलब्ध होगा, जहाँ छात्राएं प्रमाण-पत्र अर्जित कर सकेंगी।
नई शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप यह पहल न केवल बेटियों को व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ेगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भी बनाएगी। बेटियां अब 21वीं सदी के अनिवार्य कौशल जैसे डिजिटल साक्षरता और वित्तीय निर्णय क्षमता में दक्ष होंगी।
प्रशिक्षण से बेटियां होंगी इन क्षेत्रों में दक्ष
वित्तीय निर्णय लेना, बचत और निवेश की समझ
ऋण प्रबंधन व वित्तीय अनियमितताओं की पहचान
एक्सेल व पावरपॉइंट जैसे डिजिटल उपकरणों का प्रयोग
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रमाण-पत्र अर्जन की प्रक्रिया
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार बेटियों को न केवल शिक्षा दे रही है, बल्कि उन्हें डिजिटल और वित्तीय रूप से सक्षम बनाकर आत्मनिर्भर भी बना रही है। ‘पासपोर्ट टू अर्निंग’ जैसी पहल से बेटियों में 21वीं सदी के कौशल विकसित होंगे और वे आत्मविश्वास के साथ भविष्य की सशक्त महिला नागरिक बनेंगी।