National Politics State

सीएम योगी के नेतृत्व में ‘फिल्म कैपिटल ऑफ नार्थ इंडिया’ बनने की ओर बढ़ा यूपी

  • May 8, 2025
  • 0

टेलीविजन सीरीज चाणक्य के निर्माता व पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ‘जन-जन में राम’ की यूपी में कर रहे हैं शूटिंग गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात

सीएम योगी के नेतृत्व में ‘फिल्म कैपिटल ऑफ नार्थ इंडिया’ बनने की ओर बढ़ा यूपी

टेलीविजन सीरीज चाणक्य के निर्माता व पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ‘जन-जन में राम’ की यूपी में कर रहे हैं शूटिंग

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात के उपरांत तत्काल मिली स्वीकृति

राम मंदिर निर्माण के बाद राम वनगमन पथ के प्रसंग के माध्यम से श्रीराम के आदर्श से वर्तमान व भावी पीढ़ी को कराया जाएगा परिचित

दूरदर्शन पर 52 एपिसोड का होगा प्रसारण, भरतकूप, अमरावती आश्रम, लक्ष्मण पहाड़ी, वाल्मीकि आश्रम चित्रकूट, राजापुर घाट, वाल्मीकि तपोस्थली आदि के दृश्यों से देश तक पहुंचाएंगे राम का विचार

Jagrat Times, लखनऊ/ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ‘फिल्म कैपिटल ऑफ नार्थ इंडिया’ बनने की ओर अग्रसर हैं। सनातन संस्कृति के सबसे बड़े केंद्र के रूप में उत्तर प्रदेश न केवल देश-दुनिया में विख्यात है, बल्कि सकल विश्व से लोग यहां की विरासत का साक्षात्कार करते हैं। यहां की सांसकृतिक विरासत ने फिल्म जगत को भी अपनी ओर आकर्षित किया है। पिछले आठ वर्ष से उत्तर प्रदेश सांस्कृतिक केंद्र के साथ ही फिल्मों, धारावाहिक व कला जगत में भी छाया हुआ है। एक तरफ जहां फिल्म सिटी के निर्माण पर सीएम योगी का फोकस है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के पौराणिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का चित्रण मुख्य सिनेमा, टीवी सीरियल्स व अन्य चल चित्रों में काफी बढ़ा है। इसी कड़ी में अब नाम जुड़ा है कई ऐतिहासिक शो, धारावाहिक व फिल्मों का निर्माण कर चुके प्रसिद्ध फिल्म निर्माता ‘पद्मश्री’ डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी का, जो अब यूपी की धरा पर अवतरित होकर पूरे देश की आत्मिक चेतना के केंद्र बने प्रभु श्रीराम की वन गमन यात्रा को अब देश के जन-जन तक पहुंचाएंगे।

यूपी में इन-इन स्थानों पर होगी शूटिंग
ऐतिहासिक धारावाहिक ‘चाणक्य’ के निर्माता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी अब यूपी के चित्रकूट, प्रयागराज व आसपास में ‘जन-जन में राम-रामवन गमन पथ’ की शूटिंग करेंगे। यह शूटिंग 10 जून तक चलेगी जिसमें द्विवेदी निर्माता की भूमिका में हैं। उनकी टीम द्वारा श्रीराम वन गमन पथ के साथ ही कोल्हुआ बाबा आश्रम कोल्हुआ माफी, राजापुर घाट व मंदिर, वाल्मीकि आश्रम चित्रकूट, भरतकूप, लक्ष्मण पहाड़ी, रामघाट चित्रकूट, चित्रकूट रोड, मानिकपुर व कर्वी के कुछ घरों के साथ ही अमरावती आश्रम, त्रिवेणी संगम, घाट, लेटे हनुमान जी मंदिर, भारद्वाज आश्रम आदि स्थलों पर इसकी शूटिंग की जाएगी।

दूरदर्शन पर 52 एपिसोड का होगा प्रसारण
विजडम-ट्री प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड मुंबई की निदेशक मंदिरा द्विवेदी इस धारावाहिक को निर्देशित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ‘जन-जन में राम’ के निर्माण का कार्य दूरदर्शन द्वारा सौंपा गया है। इसमें कुल 52 एपिसोड होंगे। प्रत्येक एपिसोड एक घंटे का होगा। यह शो श्रीराम, माता जानकी तथा लक्ष्मण की वन यात्रा पर केन्द्रित होगा। इसका उद्देश्य श्रीराम के आदर्शों को वर्तमान व भावी पीढ़ी के सामने लाना है। वहीं, डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि शो की शूटिंग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया था। मात्र एक पत्र पर ही उनकी तरफ से संस्तुति मिल गई। स्थानीय प्रशासन की तरफ से भी इसमें काफी सहयोग मिल रहा है।

महाराज जी की मुझ पर बड़ी कृपा है: डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी
शो के निर्माता ‘पद्मश्री’ डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश श्रीराम, श्रीकृष्ण व भगवान शिव की धरा है। महराज जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर प्रदेश ने अध्यात्म व धार्मिकता मूल्यों की स्थापना में अपनी अलग पहचान बनाई है। 500 वर्ष के उपरांत अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ। उन्होंने कहा कि महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) की मुझ पर बड़ी कृपा है। कुछ दिनों पहले ही गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मुलाकात हुई थी, जिसमें उनसे यूपी के चित्रकूट, प्रयागराज व अन्य स्थलों पर शूटिंग के लिए स्वीकृति का आग्रह किया था। इस पर हमें तत्काल अनुमति मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *