गर्मियों में बदलें लाइफस्टाइल, सूती कपड़े पहने और तरल पदार्थ का सेवन करें : डॉक्टर मधुलिका शुक्ला
April 2, 2025
0
अपने भोजन में फल और सब्जियों की मात्रा बढ़ाएं, तेज धूप में निकलने से बचें बाजार में मिलने वाले खुले खाद्य और पेय पदार्थ किसी भी हालत में
अपने भोजन में फल और सब्जियों की मात्रा बढ़ाएं, तेज धूप में निकलने से बचें
बाजार में मिलने वाले खुले खाद्य और पेय पदार्थ किसी भी हालत में बिल्कुल सेवन नहीं करें
Jagrat Times, कानपुर : हम पूरी तरह से तभी स्वस्थ रह सकते हैं जब बदलते मौसम के अनुसार ही अपना खान-पान के अलावा अपनी लाइफ स्टाइल को भी बदलते हैं। ऐसा करने पर ही हम आराम से जीवन जी पाते हैं। सर्दियां बीते हुए पूरा एक महीना हो चुका है। और अब गर्मी का मौसम बहुत तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा ज्यादा गर्मी आम लोगों को बर्दाश्त करनी पड़ेगी। इस लिहाज से हमें ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कानपुर की सुप्रसिद्ध सीनियर होम्योपैथिक फिजिशियन डॉक्टर मधुलिका शुक्ला ने बताया कि गर्मियों में खान-पान और जीवनशैली में कुछ बदलाव करके आप खुद को ठंडा और तरोताजा रख सकते हैं। अधिक तरल पदार्थ पिएं, फल-सब्जियां खाएं। अगर हो सके तो तेज धूप में बाहर नहीं निकले। बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर जाना चाहिए। और इतना ध्यान रखना चाहिए कि बाहर बाजार में मिलने वाली खुली चीजें कतई नहीं खानी चाहिए।
डॉक्टर मधुलिका शुक्ला की महत्वपूर्ण सलाह
खान-पान :– सबसे पहले खूब पानी पीना चाहिए। नारियल पानी, छाछ, लस्सी, जूस और सत्तू का शरबत नियमित रूस से पीना ही चाहिए। तरबूज, खीरा, खरबूजा, मौसमी फल, हरी सब्जियां, और पत्तेदार सब्जियां जरूर खाना चाहिए। ठंडी खीर, दही, और पुदीना का सेवन करना भी लाभदायक होता है। आयली और जंक फूड से परहेज़ करें :- तला-भुना, मसालेदार, और गर्म भोजन का सेवन कम करना चाहिए। पिज्जा, पास्ता, केक, पेस्ट्री, बिस्कुट, चीनी, नमकीन, कैंडी, समोसा, शराब, अचार, कोला, मिठाई समेत आइसक्रीम खाने से हमेशा बचना चाहिए।
जीवनशैली में करें बदलाव :– दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनना चाहिए।नियमित व्यायाम करना चाहिए।सुबह या शाम के समय हल्का व्यायाम जरूर करें। पर्याप्त नींद जरूर लेना चाहिए :- रात में 7-8 घंटे की नींद लेना चाहिए। इसके साथ ही जरूरत के हिसाब से पंखे या एसी का इस्तेमाल भी करना चाहिए। हाइड्रेटेड रहें:-हमेशा पानी की बोतल अपने साथ रखना चाहिए।धूप में निकलने से पहले सनस्क्रीन का इस्तेमाल का भी प्रयोग करना चाहिए।