My City National Politics State

संघर्षों से बढ़े स्व. पासवान के व्यक्तित्व ने की शून्य से शिखर तक की यात्राः मुख्यमंत्री

  • March 25, 2025
  • 0

पूर्व विधायक स्व. ओमप्रकाश पासवान की 29वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और यूपी में 10 उपचुनाव में इंडी

संघर्षों से बढ़े स्व. पासवान के व्यक्तित्व ने की शून्य से शिखर तक की यात्राः मुख्यमंत्री

पूर्व विधायक स्व. ओमप्रकाश पासवान की 29वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और यूपी में 10 उपचुनाव में इंडी गठबंधन को जनता ने तमाचा मारकर बताया, बहुत दिन तक गुमराह नहीं कर सकतेः मुख्यमंत्री

स्व. पासवान ने साबित किया कि राजनीति में गरीबों, आमजन से संवाद और विकास के प्रति जो भी व्यक्ति संघर्ष से रास्ता बनाएगा, उसका मार्ग प्रशस्त होगाः सीएम योगी

संघर्षशील और आमजन की सुनवाई करने, सुखदुख में सहभागी बनने वाला जनप्रतिनिधि ही सफल हो सकता हैः मुख्यमंत्री

Jagrat Times, गोरखपुर / मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्व. ओमप्रकाश पासवान ने सामान्य परिवार में जन्म लिया। संघर्षों से बढ़े उनके व्यक्तित्व ने शून्य से शिखर की यात्रा की। स्थानीय परिस्थितियों और लगातार संघर्षों से जूझते हुए उन्होंने अपनी यात्रा को तय किया। सामान्य सीट पर कई बार विधायक बनकर ओमप्रकाश पासवान ने साबित किया कि राजनीति में गरीबों, आमजन से संवाद और विकास के प्रति जो भी व्यक्ति संघर्ष से रास्ता बनाएगा, उसका मार्ग प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पूर्व विधायक स्व. ओमप्रकाश पासवान की 29वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। सीएम ने प्रदेश सरकार के विकास व विरासत के पीएम मोदी के अभियान के 8 वर्ष होने के उपलक्ष्य में विकास यात्रा में पूर्व विधायक ओमप्रकाश पासवान की पुण्यतिथि को सहभागी बनाने के लिए सुभावती देवी के संरक्षण में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान, विधायक डॉ. विमलेश पासवान व पासवान परिवार की सराहना की। सीएम ने कहा कि कार्यक्रम से भाग लेने के पूर्व बड़हलगंज से आईं ड्रोन दीदी के कार्यक्रम में महिलाओं से संवाद बनाने की जानकारी दी। बोले कि पीएम मोदी ने कहा है कि लखपति दीदी को भविष्य में करोड़पति दीदी बनाने का कार्य करेंगे।

जो जनप्रतिनिधि क्षेत्र में रहता है, उसे जनता बार-बार लोकतंत्र के मंदिर में भेजती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के साथ संवाद जनप्रतिनिधि का पहला दायित्व है। जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए प्रभावी पैरवी उनकी कार्यपद्धति का हिस्सा होना चाहिए। जिस क्षेत्र की जनता-जनार्दन हमें लगातार चुनती है, उनसे मिलना-जुलना व संवाद बना रहेगा तो जनता लोकतंत्र के मंदिर में बार-बार भेजती रहेगी। स्व. पासवान ने अपनी कार्यपद्धति के माध्यम से यह दिखाया था और यही आज की नई राजनीति का हिस्सा बन गया है। जो जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में जाता है, जनता के प्रति व्यवहार अच्छा रखता है, जनता उसे सिर आंखो पर बैठाकर सम-विषम परिस्थितियों में बार-बार चुनाव जिताकर भेजती है और जो व्यक्ति चुनाव के समय दिखता है, बाकी समय गायब रहता है, जनता भी चुनाव के समय उसे हमेशा के लिए गायब कर देती है।

व्यक्ति पर निर्भर करता है उत्थान या पतन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे से बड़ा होना उपलब्धि और संघर्षों के बल पर बड़ा होना महानता है। गलत कार्यों व अकर्मण्यता के कारण बड़े से छोटा हो जाना पतन है। यह मनुष्य पर निर्भर करता है कि वह उत्थान और महानता का मार्ग प्रशस्त करता है या वह गिरावट की पराकाष्ठा पर उतरकर पतन के मार्ग का अनुसरण करता है।

लोकसभा चुनाव में लोगों ने दुष्प्रचार किया, लेकिन जनता का आशीर्वाद मोदी जी के साथ ही रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि संघर्षशील और आमजन की सुनवाई करने, सुखदुख में सहभागी बनने वाला जनप्रतिनिधि ही सफल हो सकता है। किसी भी क्षेत्र में संघर्ष से मार्ग प्रशस्त करने वालों के लिए कोई ताकत बाधक नहीं होती। तात्कालिक बाधाएं भले ही आती हों, लेकिन सामान्यतः कोई ताकत उसे रोक नहीं सकती। सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में तमाम लोगों ने दुष्प्रचार किया, लेकिन जनता का आशीर्वाद मोदी जी के साथ था, अंततः मोदी जी तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री बने। उन्होंने जिन मुद्दों व मूल्यों के लिए जीवन खपाया और जिन संघर्षों के लिए खुद को समर्पित किया है, उसका लाभ पूरा देश नए भारत के रूप में ले रहा है।

अव्यवस्था, गंदगी और अराजकता का पर्याय था 2013 कुम्भ
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2013-14 में भारत 11वीं-12वीं अर्थव्यवस्था था। देश के अंदर अविश्वास का वातावरण था। घोटाले पर घोटाले होते थे। जनता को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही थीं। खजाने पर लूट मची थी। कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले पर सरकार मौन रही। विकास की योजनाएं नहीं होती थीं। 2013 कुम्भ में केंद्र व राज्य सरकार आपस में लड़कर एक-दूसरे को कोस रही थीं, लेकिन इस बार डबल इंजन सरकार ने मिलकर कैसे कार्य किया, यह भी सभी ने देखा। 2013 कुम्भ के आयोजन में अव्यवस्था, गंदगी का अंबार, अराजकता, असुविधाएं थीं। जब मॉरीशस के प्रधानमंत्री आए और गंदगी देखी तो संगम में स्नान करने से इनकार कर दिया।

महाकुम्भ में इस बार 100 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व हुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का समन्वय और ताकत है कि इस बार देश-दुनिया के 66 करोड़ लोग प्रयागराज महाकुम्भ का हिस्सा बने। भूटान के राजा, 12 देशों के राष्ट्राध्यक्ष व मंत्री, 74 से अधिक देशों के राजदूत आए। 100 से अधिक देशों का प्रतिनिधित्व हुआ। जो आया, अभिभूत होकर ही गया। उसने जन्म व जीवन को धन्य किया। आस्था को सम्मान देने से यह आर्थिकी का आधार कैसे बनता है, प्रयागराज महाकुम्भ ने यह करके दिखाया है।

पिछली सरकार हर जनपद में माफिया पालती थी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्तमान सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए पिछली सरकार पर प्रहार किया। कहा कि 2017 के पहले रामगढ़ताल अराजकता का अड्डा था। बेटी असुरक्षित थी, व्यापारियों का अपहरण होता था। सड़कें बदहाल थी, बिजली के लिए संघर्ष करना पड़ता था। गरीब का बच्चा इंसेफेलाइटिस से मरता था, लेकिन सरकार के कान पर जूं नहीं रेंगती थी। किसान आत्महत्या और गरीब भूख से मरता था। उस समय प्रदेश और गोरखपुर की यही स्थिति थी। पिछली सरकार हर जिले में माफिया पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने हर जनपद में मेडिकल कॉलेज देकर गरीबों को सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराया है। विकास के लिए हाईवे, रेलवे, ब्रिज, फ्लाईओवर बन रहे हैं, जो सरकार और जनप्रनिधियों की मंशा को प्रदर्शित करते हैं।

पूर्वजों ने जिस कार्य के लिए संघर्ष किया है, उससे संबंधित कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का हिस्सा बनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का सनातन धर्मावलंबी पूर्वजों की पुण्यतिथि मनाता है, यदि वह ऐसा नहीं कर पाता है तो वर्ष में एक बार श्राद्ध-तर्पण करके उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। यह अद्भुत परंपरा केवल सनातन धर्म में ही होती है। इसके दर्शन अन्यत्र कहीं नहीं हो पाते हैं। सीएम ने कहा कि पूर्वजों ने जिस कार्य के लिए संघर्ष किया है, उससे संबंधित कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के अभियान का हिस्सा बनें।

बिना भेदभाव गोरखपुर में एक लाख गरीबों के बने मकान
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-प्रदेश के साथ-साथ गोरखपुर में भी बिना जाति, क्षेत्र, भाषा, मजहब देखे विकास कार्य हुए। यहां एक लाख गरीबों के मकान बन गए। विभाजन करने वाले लोग देश के अंदर विभाजन की खाई को भाषा के रूप में चौड़ी कर रहे हैं। जिन लोगों ने जाति के नाम पर गुमराह किया, उनकी सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और हाल में हुए यूपी में 10 उपचुनाव में इंडी गठबंधन को करारी मात देकर तमाचा मारते हुए जनता ने संदेश दिया कि बहुत दिन तक गुमराह नहीं कर सकते हैं।

कांग्रेस व सहयोगी दलों ने बाबा साहेब का अपमान किया, भाजपा ने सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को भाजपा ने सम्मान दिया है। बाबा साहेब ने जिस तिथि (26 नवंबर 1949) को संविधान का ड्राफ्ट संविधान सभा को सौंपा था, पीएम मोदी ने 2015 में उस तिथि (26 नवंबर) को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया। उनके पंच तीर्थ बनवाए गए। पीएम मोदी ने नई संसद में संविधान की मूल प्रति को सिर पर रखकर ससम्मान स्थापित करने का कार्य भी किया। देश पर इमरजेंसी, भारत के संविधान में जबर्दस्ती धारा-370 थोपने वालों और उन्हें चुनाव हराने वाले कांग्रेस व उनके सहयोगी दलों ने डॉ. आंबेडकर का अपमान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *