योगी सरकार के 8 साल बेमिसाल
- March 17, 2025
- 0
Jagrat Times, मथुरा/ आगरा। योगी सरकार द्वारा बीते आठ साल में ब्रज का सर्वांगीण विकास हुआ है। ब्रज का प्राचीन वैभव लौटाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अपना
Jagrat Times, मथुरा/ आगरा। योगी सरकार द्वारा बीते आठ साल में ब्रज का सर्वांगीण विकास हुआ है। ब्रज का प्राचीन वैभव लौटाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने अपना खजाना खोल दिया। उ.प्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से ब्रज में अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया। ब्रज के धार्मिक स्थलों, पुराने घाट, कुंड और सरोवरों का कायाकल्प कर उन्हें संवारा गया। राजमार्ग से लेकर, प्रमुख मार्गों को चौड़ीकरण, परिक्रमा मार्ग का विकास कार्य, बस स्टेंड का पुनर्विकास, मल्टी लेवल पार्किंग, जन सुविधा केंद्र विकसित किए गए। ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यमुना नदी में क्रूज और बरसाना में रोपवे सेवा की शुरुआत की गई। इसके साथ ही पर्यटक सुविधा केंद्र विकसित कर पर्यटन सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है। योगी सरकार के प्रयासों से ब्रज में रेल, सड़क और हवाई मार्ग से कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। अब देश- विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ब्रज के तीर्थ स्थल आकर्षित कर रहे हैं। ब्रज में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।
योगी सरकार ब्रज का प्राचीन वैभव दिलाने में जुटी है। कान्हा नगरी को दिव्य और भव्य बनाने के लिए बीते 8 साल में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अरबों रुपये की विकास योजनाओं पर मुहर लगाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 में सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया था। ब्रज के सभी तीर्थ स्थलों का जीर्णोद्धार और विकास करने के उद्देश्य से बीते 8 सालों में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा ब्रज में अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया। वर्ष 2018 से 2024 तक 97 विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा चुका है। जिसमें सड़क निर्माण, मल्टी लेवल पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र, घाटों का निर्माण कार्य एवं पहुंच मार्ग, जन सुविधा केंद्र, कुंड और सरोवरों के सुद्ढ़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण का कार्य, भव्य प्रवेश द्वार, समुचित प्रकाश व्यवस्था आदि के कार्य किए गए। ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा गीता शोध संस्थान, बरसाना में श्री राधा रानी मंदिर पर विद्युतीकरण, गोवर्धन के पैंठा गांव में हेलीपैड का निर्माण, बरसाना गोवर्धन मार्ग पर फैसिलिटेशन सेंटर व पार्किंग, श्री कृष्ण जन्म स्थान पर लाइटिंग, श्री कृष्ण जन्म स्थान के सामने सौंदर्यीकरण व विकास कार्य, श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर साउण्ड एवं लाइट शो, मथुरा स्थित मुक्ताकाशीय रंगमंच का पुनर्विकास कार्य, गोवर्धन स्थित कुसुम सरोवर में लाइट एवं साउंड सिस्टम का कार्य जैसी परियोजनाएं भी शामिल है।
योगी सरकार द्वारा मथुरा- वृंदावन में पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पौराणिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। ब्रज में द्वापर युग जीवंत करने का प्रयास किया जा रहा है। वन विकसित किए जा रहे हैं, जहां कान्हा के प्रिय वृक्षों का रोपण किया जा रहा है। ब्रज में पग- पग पर कान्हा के क्रीड़ास्थल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के महत्वपूर्ण स्थलों को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा विकसित किए जा रहा हैं। बरसाना, नंदगांव, मांट, महावन, गोकुल में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। हर जगह पर्यटन सुविधा केंद्र बन रहे हैं। सरकार ने इन क्षेत्रों में सड़क, परिवहन, रुकने की सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
योगी सरकार मथुरा- वृंदावन में समग्र विकास पर जोर दे रही है, जिससे न केवल यहां के स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिला है, बल्कि हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं। ब्रज में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए कई योजनाओं को लागू किया है। इसमें बरसाना में रोपवे और यमुना नदी में क्रूज सेवा महत्वपूर्ण है। इन सुविधाओं से ब्रज में श्रद्धालुओं/ पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मथुरा- वृंदावन में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन को हर वर्ष देश- दुनिया से आने वाले श्रद्धालु/ पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होती जा रही है। वर्ष 2024 में कान्हा की नगरी वृंदावन में 9 करोड़ से अधिक पर्यटक पहुंचे। इनमें 1.36 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। वहीं वर्ष 2023 में देसी-विदेशी पर्यटकों की संख्या 7,91,75,897 रहीं। वर्ष 2022 में 6,52,75,743 देसी और 1,15,858 विदेशी पर्यटक ब्रज दर्शन को पहुंचे। कोरोना के बाद वर्ष 2021 में मात्र 2,96,02806 पर्यटक ही आए थे, जिनमें 645 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। वर्ष 2024 में 1.10 करोड़ अधिक श्रद्धालुओं ने ब्रज के मंदिरों के दर्शन कर धर्म लाभ कमाया।
सीएम योगी के विजन के अनुरूप पर्यटन विकास और हर वर्ष बढ़ती पर्यटकों की संख्या से ब्रज में रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिली है। पर्यटन स्थलों पर होटलों, रेस्टोरेंट, ट्रांसपोर्ट, गाइड सेवाओं, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है। विशेष रूप से महिला उद्यमियों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी प्रोत्साहित कर रही है, जिससे लोकल हैंडीक्राफ्ट, पोशाक बनाने वाले व अन्य कारीगरी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल रही है। हजारों लोग मंदिरों के आसपास कामकाज कर रोजगार कमा रहे हैं। कोई फूल बेच रहा है तो कोई पूजा से संबंधित सामग्री। हर वर्ग यहां कारोबार कर अपने परिवार की आजीविका को चला रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे पर्यटन विकास के कार्यों का सकारात्मक प्रभाव साफ नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन के नए हब के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश आज दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। बता दें कि बीते वर्ष लगभग 65 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया, जिससे यह देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल हो गया है। धार्मिक पर्यटन से लेकर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास तक, राज्य एक ग्लोबल टूरिज्म हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।