होली के रूप में आयरिश माहौल में घुली भारतीय संस्कृति की महक
- March 10, 2025
- 0
विदेश में भी भारत का गौरव बढ़ा रहीं भारतीय महिलाएं Jagrat times Kanpur : भारतीय संस्कृति अद्भुत अतिसुंदर अद्वितीय होने के साथ ही इतनी विराट है कि इसकी
विदेश में भी भारत का गौरव बढ़ा रहीं भारतीय महिलाएं Jagrat times Kanpur : भारतीय संस्कृति अद्भुत अतिसुंदर अद्वितीय होने के साथ ही इतनी विराट है कि इसकी
Jagrat times Kanpur : भारतीय संस्कृति अद्भुत अतिसुंदर अद्वितीय होने के साथ ही इतनी विराट है कि इसकी खुशबू देश ही नहीं विदेशों में भी है। इस बात को और पुष्ट करने के लिए जाग्रत टाइम्स की टीम ने सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशी माहौल को जानने का प्रयास किया और इस क्रम में हमारी टीम डबलिन (आयरलैंड) पहुंची तो वहां के दृश्यों को देखकर खुद के भारतीय होने पर बहुत ही गर्व हुआ। सोशल मीडिया पर ही बातचीत के क्रम में डबलिन की काउंसलर सुप्रिया सिंह से भारत और भारतीय संस्कृति पर विस्तार से चर्चा हुई।
भारतीय महिलाओं का दुनिया के अलग-अलग कोनों में नाम रोशन करना गर्व की बात है। 2024 के स्थानीय चुनावों में दिल्ली की सुप्रिया सिंह को आयरलैंड के डबलिन सिटी काउंसिल में काउंसलर नियुक्त किया गया, जो भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। न केवल राजनीति में बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी वह भारतीय समुदाय को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। सुप्रिया सिंह “Indian Ladies in Ireland” समूह की संस्थापक हैं, जो भारतीय महिलाओं को एक मंच प्रदान करता है और भारतीय संस्कृति को विदेश में जीवंत बनाए रखने में मदद करता है।
सुप्रिया सिंह के लिए भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना बेहद महत्वपूर्ण है। मेरी यह यात्रा मेरे पति रविनंदन प्रताप सिंह के सहयोग के बिना पूरी नहीं हो सकती थी। उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया है और मुझे अपनी क्षमताओं के अनुसार अधिक से अधिक करने के लिए प्रोत्साहित किया है। जैसा कि आप जानते हैं, मेरे दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 7 और 12 वर्ष है। हमारे लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि वे हमारी भारतीय संस्कृति को समझें और उसका आदर करें। हमने उनसे बातचीत की कि आयरलैंड में भारतीय समुदाय होली जैसे त्योहार कैसे मनाता है और वह जाग्रत टाइम्स के पाठकों को क्या संदेश देना चाहेंगी। तो उन्होंने कहा —
आयरलैंड में भी बड़े धूमधाम से मनाई जाती है होली
होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी मतभेदों को भुलाने, खुशियों को गले लगाने और रिश्तों को मजबूत करने का एक अवसर है। यह त्योहार हमारी संस्कृति की खूबसूरती और एकता को दर्शाता है। सुप्रिया सिंह ने कहा कि मैं भले ही भारत से दूर डबलिन (आयरलैंड) में रहती हूँ, लेकिन मेरा दिल हमेशा अपनी मिट्टी, अपनी संस्कृति और अपने लोगों से जुड़ा रहता है।आयरलैंड में बिहार-झारखंड एसोसिएशन, वैदिक हिंदू कल्चरल सेंटर ऑफ़ आयरलैंड (VHCCI) और कई अन्य भारतीय सामुदायिक समूह हर साल बड़े धूमधाम से होली का आयोजन करते हैं। डंडाल्क में KAASI Group भी इस रंगों के पर्व को मनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बिहार-झारखंड एसोसिएशन ऑफ़ आयरलैंड ने होली समारोह का आयोजन किया, जहाँ उन्होंने आयरलैंड में भारतीय राजदूत अखिलेश मिश्रा जी, उनकी धर्मपत्नी रीति मिश्रा जी, काउंसलर सुप्रिया सिंह और कई अन्य आयरिश काउंसलर्स को भी आमंत्रित किया था।इससे पहले डंडाल्क के KAASI Group ने भी होली का भव्य आयोजन किया। और अब 15 मार्च को वैदिक हिंदू कल्चरल सेंटर ऑफ़ आयरलैंड (VHCCI) ने भी भारतीय समुदाय के लिए होली समारोह का आयोजन किया है।
अपनों को प्रेम के बंधन में बांधती है होली
सुप्रिया सिंह ने कहा कि मेरे लिए होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति की पहचान है। चाहे हम भारत में हों या विदेश में, यह त्योहार हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है और प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। मेरे बच्चों के लिए आयरलैंड में होली मनाने का अनुभव बहुत खास है, क्योंकि यह उन्हें भारतीय परंपराओं के करीब रखता है। यहां के सामुदायिक आयोजनों में भाग लेकर वे हमारे त्योहारों को न केवल समझते हैं बल्कि महसूस भी करते हैं। आयरलैंड में होली मनाना एक ‘घर से दूर घर’ जैसा अहसास देता है। यहां की होली भारत की होली की तरह रंग-बिरंगी होती है, लेकिन यह भी हमें याद दिलाती है कि हम जहां भी रहें, हमारी परंपराएं और पहचान हमारे साथ रहती हैं।
पर्यावरण का ध्यान रखें, सुरक्षित रंगों से होली मनाएं
मैं जाग्रत टाइम्स के पाठकों से यही कहना चाहूंगी कि इस होली को प्रेम, सद्भाव और खुशियों के साथ मनाएं। पर्यावरण का ध्यान रखें, सुरक्षित रंगों का प्रयोग करें और इस पर्व की आत्मा – यानी प्रेम और भाईचारे – को सच्चे दिल से अपनाएं।आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं! यह त्योहार आपके जीवन में सुख, शांति और सफलता के नए रंग भरे।